फूलपुर तहसील परिसर में बुधवार को अमर उजाला की तरफ से चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें उमड़ी फरियादियों की भीड़ ने क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं को जनता के सामने रखा। चौपाल में उपस्थित अपर आयुक्त अनिल मिश्र, एसडीएम फूलपुर ने उन्हें सुनकर यथासंभव निस्तारित किया। इस दौरान तहसील क्षेत्र में मौजूद जर्जर सड़कें, पानी की किल्लत और खस्ताहाल बिजली व्यवस्था का दर्द देखने को मिला।
संयुक्त विकास आयुक्त अनिल मिश्रा, उपजिलाधिकारी अमृतलाल बिंद और तहसीलदार पं, शिवसागर दूबे की मौजूदगी में संबंधित अधिकारी अपने उत्तरों से लोगों को आश्वस्त किया। इस दौरान गरीबों में लचर स्वास्थ्य सेवा, राशन कार्ड, सरकारी आवास, सरकारी भूमि पर कब्जा, वरासत, एवं पैमाइश को लेकर बेबाक आवाज उठाई। चौपाल में सभी विभाग के अधिकारी मौजूद थे। चौपाल में खास तौर से पानी, सड़क और स्वास्थ्य का मुद्दा छाया रहा।
चौपाल में आए फूलपुर तहसील क्षेत्र के नेवादा गांव निवास फैजान अहमद ने बताया कि वे गांव के चकरोड की पैमाइश कराने के लिए बीते नौ साल से तहसील का चक्कर काट रहे हैं। यह सुन सभी स्तब्ध थे। चौपाल में उपस्थित तहसीलदार ने फैजान को आश्वस्त किया। बोले निजी पैमाइश से मामले का हल निकाला जाएगा। छित्तेपर गांव निवासी नाबीना खलील अहमद ने पिता के निधन के वरासत के लिए बीते 15 दिनों से चक्कर लगाने बात बताया।
इसी क्रम में अंबारी निवासी डा. नंद किशोर यादव ने स्थानीय रेलवे स्टेशन पर हुए अतिक्रमण के मामले को प्रशासन के सामने रखा। सूबेदार प्रजापति ने कहा कि नगर पंचायत होने के बाद भी माहुल में साफ-सफाई की अव्यवस्था है। इसी क्रम में फूलपुर देहात निवासी सिकंदर यादव ने इंडिया मार्का हैंडपंप मरम्मत का, अंबारी निवासी कृष्ण कुमार यादव ने निर्माणाधीन शाहगंज रोड पर घटिया निर्माण और जीतेंद्र मिश्रा ने शिक्षा और पानी के दोहन के मुद्दे को उठाया।