सरायमीर और महराजगंज थाना क्षेत्रों के गैंगस्टर एक्ट के चार आरोपियों पर एसपी हेमराज मीना द्वारा गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया गया है। इसमें दो आरोपियों पर 25-25 हजार और दो आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित हुआ है।
एसपी हेमराज मीना ने बताया कि सरायमीर थाना क्षेत्र के खानपुर दोस्तपुर गांव निवासी विशाल सिंह पर गैंगस्टर एक्ट सहित लूट, डकैती, छिनैती, धोखाधड़ी, चोरी और हत्या के प्रयास आदि के डेढ़ दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा है। वहीं महराजगंज थाना क्षेत्र के मनोगा गांव निवासी गुलशन उर्फ आकाश यादव पर गैंगस्टर सहित चोरी, मारपीट और अवैध असलहा रखने सहित आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। यह काफी दिनों से फरार चल रहा है। इन दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार का इनाम घोषित किया गया। सरायमीर थाना क्षेत्र के अषाढ़ा गांव निवासी नईम अहमद और बरदह थाना क्षेत्र के फेटी गांव निवासी असरफ जमां पर गैंगस्टर सहित चोरी, धोखाधड़ी और अवैध असलहा रखने जैसे आधा दर्जन से अधिक मुकदमे हैं। यह दोनों भी काफी दिनों से फरार चल रहे हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।