जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने शनिवार को बिलरियागंज ब्लाक के लोहिया गांव नसीरपुर में विकास कार्यों का जायजा लिया। गांव में ट्रांसफार्मर और विद्युत पोल न लगने की शिकायत पर सेवानिवृत्त जेई का पेंशन रोकने का निर्देश दिया। वहीं, समाजवादी पेंशन योजना में लापरवाही बरतने पर सेक्रेटरी और ग्राम विकास अधिकारी समाज कल्याण को चेतावनी दी।
जिलाधिकारी लोहिया गांव नसीरपुर पहुंचे तो ग्रामीणों ने बताया कि सेवानिवृत्त जेई राजदेव यादव के कार्यकाल में 22 ट्रांसफार्मर और 22 विद्युत पोल क्षेत्र में लगाए जाने थे लेकिन गोदाम से निकलवाने के बाद उन्होंने ट्रांसफार्मर और पोल को कहां लगवाए, इसकी जानकारी विभाग को नहीं है। यह जानकारी मिलते ही डीएम उखड़ गए। उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत को सेवानिवृत्त राजदेव यादव के पेंशन पर रोक लगाने का निर्देश दिया। डीएम ने सख्त निर्देश दिया कि जब तक क्षेत्र में वे बिजली खंभों को नहीं लगवाएंगे, उनकी पेंशन रुकी रहेगी।
वहीं, समाजवादी पेंशन योजना में सेक्रेटरी (ग्राम पंचायत अधिकारी) चंद्रकेश पाठक और ग्राम विकास अधिकारी (समाज कल्याण) हरिशंकर ओझा की शिकायतें मिलीं। योजनाओं में पात्र लाभार्थियों के चयन में गांव में कोई बैठक नहीं कराए जाने की लापरवाही पर चेतावनी दी। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक पैदावार होने वाले उन्नतशील धान के बीजों का इस्तेमाल करने पर बल दिया। इसके अलावा, सोलर लाइट, वरासत, धारा 141, किसान क्रेडिट कार्ड, सभी प्रकार की पेंशन पर विस्तार से गांववालों से जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों को कमियाें दूर करने का निर्देश दिया। इसके बाद, उन्होंने गांव में निर्माणाधीन लोहिया, इंदिरा आवास का निरीक्षण किया। डीएम ने आरईएस विभाग से बनने वाले सीसी रोड को भी देखा।