रेलवे स्टेशन का शनिवार को निरीक्षण करने आए डीआरएम एसके कश्यप यहां की अव्यवस्थाओं से नाराज दिखे। परिसर में बदहाल सफाई व्यवस्था, बंद पंखे और टूटी छत को देख नाराजगी जताई। पुरुष प्रतीक्षालय में टाइल्स सहित बंद शौचालय आदि को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के डीआरएम सुबह 11.30 बजे आजमगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचे। महिला और पुरुष प्रतीक्षालय का जायजा लिया। द्वितीय श्रेणी के शौचालय में गंदगी और बदहाल व्यवस्था को देख वरिष्ठ मंडल इंजीनियर एनके गुप्ता पर नाराजगी जताई। प्लेटफार्म नंबर एक पर यात्री जयराजपुर निवासी सुनीता, अर्जुन से पूछताछ की। सूरत जाने वाले यात्रियों से बाहर बैठने का कारण पूछा तो चला कि प्रतीक्षालय भरा था। उन्होंने प्लेटफार्म पर 20 रुपये में पानी बोतल बेचने पर नाराजगी जताते हुए वेंडर से 15 रुपये में बेचने को कहा।
दूकानदार से खाद्य और पेयजल आदि का रेट बोर्ड लगाने को कहा। पूछताछ केंद्र की खिड़की की जाली टूटी थी। और खिड़की आधी खुली थी। इस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। टिकट काउंटर पर आधे घंटे से खड़े लोगों का कारण पूछा तो कर्मचारी संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। उन्होंने कहा कि अगले निरीक्षण में व्यवस्था दुरुस्त नहीं मिली तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।