आजमगढ़। नागरिकता संशोधन कानून और सीएए के विरोध में हो रहे हिंसक प्रदर्शनों पर लगाम लगाने और जिले में अमनो अमान कायम रखने के लिए इंटरनेट सेवा पर बंदिश दो दिन के लिए बढ़ा दी गई है। डीएम एनपी सिंह की ओर से जारी आदेश के अनुसार आसपास के जनपदों के माहौल और हिंसक प्रदर्शनों को देखते हुए शनिवार रात को ही टेलीकॉम कंपनियों को निर्देश जारी कर दिए गए थे। लगातार पांच दिन तक इंटरनेट सेवा बाधित रहने से लोगों की परेशानी बढ़ने लगी है।
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में 17 दिसंबर को जनपद के मुबारकपुर में विरोध-प्रधर्शन के बीच पथराव किया गया। बड़ी मुश्किल से स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका था। जांच में पाया गया कि सोशल साइटों व्हाट्सएप, फेसबुक और मैसेंजर आदि के सहारे मैसेज भेजकर युवाओं को भड़काया जा रहा था और विरोध के लिए एकत्र होने की साजिश रची जा रही थी। इसी देखते हुए डीजीपी के निर्देश पर 18 दिसंबर को जनपद में भी इंटरनेट सेवा बाधित है।
हालांकि सूबे के सबसे बड़े जनपदों में शुमार अति संवेदनशील आजमगढ़ में हालात सामान्य हैं, लेकिन एनआरसी और सीएए को लेकर सूबे के अन्य जनपदों में हिंसक प्रदर्शन हुए। जिले में अमनो अमान कायम रखने के लिए 22 और 23 दिसंबर के लिए भी इंटरनेट सेवा बाधित करा दी गई है। लगातार पांच दिन से इंटरनेट सेवा बाधित होने से आम लोगों की परेशानी भी बढ़ने लगी है। आवश्यक कार्य प्रभावित होने लगे हैं।