आजमगढ़। शहर के आसपास बनी नई काॅलोनियां में बांस-बल्ली के सहारे ही तार दौड़ाए गए हैं। नगर निकाय योजना के तहत एक साल पहले ही नई काॅलोनियों में नई विद्युत लाइन खींचने के लिए बजट जारी हो चुका है। इसके बावजूद नई कॉलोनियों में विद्युत लाइन नहीं खींची गई। विद्युत पोल नहीं लगाए गए हैं।
शहरी क्षेत्र की आबादी पांच लाख से अधिक हैं। शहर के पास कोलघाट, कोल बाजबहादुर, करतालपुर, जाफरपुर, भवरनाथ, जुनैदगंज, हाफिजपुर सहित आदि स्थानों पर नई काॅलोनियां बनीं हैं। काॅलोनी के लोगों ने विद्युत कनेक्शन ले लिया है।
शहरी विद्युत वितरण खंड में 71 हजार से अधिक उपभोक्ता हैं। कॉलोनी में लोग दो सौ से तीन सौ मीटर तक खुद बांस- बल्ली लगाकर केबल अपने घरों तक ले गए हैं। नगर निकाय योजना के तहत सिर्फ शहरी क्षेत्र में नई लाइन खींचने आदि कार्य के लिए 45 करोड़ रुपये भी स्वीकृत हुआ था। योजना के शुरू हुए एक वर्ष से अधिक का समय बीत गया है। जिम्मेदार कई काॅलोनियों में नई लाइन खींचवाना भूल गए हैं। इस संबंध में अधीक्षण अभियंता घनश्याम ने बताया कि कई क्षेत्रों में ठेकेदार नई लाइन खींचने का काम करवा रहे हैं।
जो क्षेत्र अभी बचे हुए हैं वहां भी जल्द ही काम शुरू कराया जाएगा। जल्द ही कॉलोनियों में विद्युत पोल लगवाए जाएंगे।