जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने मंगलवार को निजामाबाद तहसील परिसर में फरियादियों की समस्याएं सुनी। डीएम और एसपी के सामने 126 वाद आए। इनमें से 17 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। जबकि शेष वादों को संबंधित विभागों को सौंप दिया गया।
डीएम ने कहा कि राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी आपस में समन्वय बनाकर मौके पर जांचकर शिकायतों का निस्तारण करें। जिस दिन मौके पर जाएं, दोनों पक्षों को सूचना दें ताकि मौके पर दोनों पक्ष उपस्थित रहे।
तहसील दिवस पर खराती गांव निवासी धर्मराज पुत्र जयनंदन ने 10 एकड़ पशुचर की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की। इस पर डीएम ने एसडीएम को 10 दिनों में अवैध कब्जा हटवाने के निर्देश दिए। कहा कि ऐसा न होने पर लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पोहीपुर के महेंद्र यादव ने हाइटेंशन लाइन के तार जर्जर होने की शिकायत की। इस पर डीएम ने विद्युत विभाग को निर्देशित किया। जमालपुर की चंपा देवी ने डीएम को बताया कि पट्टीदार के केशव प्रसाद तहसील में मुहर्रिर हैं। वह माता-पिता की जमीन हड़प लिए हैं। इस पर डीएम ने एडीएम वित्त एवं राजस्व को जांच सौंपी और लाइसेंस निरस्त करने को कहा।