आजमगढ़। डा. आंबेडकर डिपो के नियमित परिचालक पर अनियमितता का आरोप मिलने पर क्षेत्रीय प्रबंधक अतुल त्रिपाठी ने निलंबन की कार्रवाई की है। आरोप है कि आरोपी परिचालक द्वारा अर्जित की गई धनराशि निगम कोष में बस संचालन के उपरांत निर्धारित तिथि को समय से जमा नहीं की गई। उधर, गबन करने, उच्चाधिकारियों के आदेश व निर्देश का उल्लंघन करने व निष्ठापूर्वक ड्यूटी न करने समेत अन्य आरोपों को लेकर परिचालक को निलंबन कर दिया गया है। उससे स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।
क्षेत्रीय प्रबंधक अतुल त्रिपाठी ने बताया कि डा. आंबेडकर डिपो के नियमित परिचालक विनय कुमार गुप्ता पर निगम की अर्जित की गई धनराशि का गबन करने का आरोप है। उन्होंने बताया कि निगम द्वारा अर्जित कुल धनराशि 1,40,905 विभाग के कोष में बस संचालन के उपरांत निर्धारित तिथि को समय से जमा न कर, 21 जुलाई 2021 को जमा किया गया। उन्होंने कहा कि निगम आय को समय से कोष में जमा न कर अस्थायी गबन किया गया है। परिचालक पर उच्चाधिकारियों के आदेशों निर्देशों पालन न करने तथा अपनी ड्यूटी निष्ठापूर्वक नहीं करने का भी आरोप है। निगम नियमावली के विपरीत कार्य करने के आरोप में परिचालक विनय कुमार को निलंबित कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।