आजमगढ़। टोल प्लाजा पर 100 फीसदी ऑनलाइन टोल टैक्स अदायगी के लिए शासन ने निजी और व्यावसायिक वाहनों पर नकेल कसी है। इसके तहत बगैर फास्टैग युक्त नए वाहनों का पंजीकरण नहीं होगा और पुराने वाहनों को फिटनेस सर्टिफिकेट जारी नहीं किया जाएगा। फास्टैग व्यवस्था को वाहन सॉफटवेयर से जोड़ दिया गया है। ऐसे में इससे बच निकलने की संभावना समाप्त हो गई है। अब इस नियम का सख्ती से पालन किया जाएगा।
शासन ने निर्देश जारी किए हैं कि नए वाहनों की बिक्री फास्टैग के बगैर नहीं होगी। वाहन के विंडस्क्रीन पर निर्माता कंपनी अथवा डीलर को फास्टैग लगाना होगा। तभी वाहन शोरूम से बाहर जाएगा। सरकार ने इस नियम को सख्ती से पालन करने के लिए अधिसूचना जारी की है। सर्फुद्दीनपुर के दीप मोटर्स के शंकर प्रसाद ने कहा कि शासन के निर्देश का पालन किया जाएगा। फास्टैग लगने काफी फायदा होगा। इससे समय की बचत होगी और जाम से भी मुक्ति मिल जाएगी। इसके साथ ही ईंधन की बचत होगी।
ऑनलाइन टोल टैक्स व्यवस्था से राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहनों की औसत रफ्तार 30 फीसद तक बढ़ जाती है। इससे प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतारें नहीं लगती है। जाम नहीं लगने से लोगों का समय बर्बाद नहीं होता है। वहीं कम ईंधन फुंकने से प्रदूषण का स्तर कम होता है।
- डॉ. आरएन चौधरी, संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन