नगरपालिका मुबारकपुर में तैनात कैशियर की नियुक्ति अवैधानिक होने की शिकायत पर मामले की जांच कर रही डीएसटीओ ने पालिका ईओ को पत्र जारी कर छब बिंदुओं पर नियुक्ति संबंधी अभिलेख और जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है। इसके साथ ही पालिकाध्यक्ष से भी उनका मंतव्य तलब किया गया है। पत्र जारी होने से से मुबारकपुर पालिका में खलबली की स्थिति मची है। अभिलेख खंगाले जा रहे हैं।
पाही निवासी विजय कुमार पुत्र शिवदत्त राम ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी कि नगर पालिका मुबारकपुर में तैनात कैशियर की नियुक्ति अवैधानिक तरीके से की गई है। जिलाधिकारी ने मामले की जांच जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. अर्चना सिंह को सौंपी ती। पिछले दिनों जांच अधिकारी ने पालिका ईओ प्रतिभा सिंह को पत्र लिख कर नियुक्ति संबंधी अभिलेख मांगे थे, लेकिन पालिका ईओ की ओर से ये लिख कर दे दिया गया कि पूर्व में की गई एक जांच में शिकायत को निराधार किया गया था, इसलिए शिकायत को निक्षेपित कर दिया जाए।
जांच अधिकारी ने पालिका ईओ को एक बार फिर पत्र भेजा है। इस बार नियुक्ति संबंधी छह बिंदुओं उनसे अभिलेख और उनका पक्ष भी तलब किया गया है। जांच अधिकारी की ओर से नियुक्ति संबंधी शासनादेश, तारीख, पद सृजन, नियमावली, विज्ञप्ति के साक्ष्य समेत अन्य बिंदुओं पर जवाब मांगा गया है। इसके अलावा पूर्व में उपलब्ध कराए गए जवाब में कई बिंदुओ पर कठघरे में खड़ा किया गया है, जिसमें कैशिर की नियुक्ति संदेह के दायरे में आ रही है।
इसके साथ संबंधित कैशियर, तत्कालीन और वर्तमान पालिकाध्यक्ष से भी अपना मत रखने को कहा गया है। जांच अधिकारी की ओर से स्पष्ट रूप से कहा गया है कि सही जवाब नहीं मिलने पर कैशियर की अवैधानिक नियुक्ति के संबंध में जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल पत्र से मुबारकपुर पालिका में हड़कंप की स्थिति है। आनन-फानन में आवश्यक दस्तावेज खंगाले जा रहा है। वर्तमान अधिकारियों को डर सताने लगा है कि कहीं उनकी भी गर्दन न फंस जाए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर मुबारकपुर पालिका में तैनात कैशियर की नियुक्ति संबंधी जांच की जा रही है। आवश्यक अभिलेख और जानकारी पालिका ईओ से मांगी गई है। अन्य पक्षों से भी जवाब मांगा गया है। इसके बाद जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को दे दी जाएगी। -डॉ. अर्चना सिंह, डीएसटीओ