आजमगढ़। उमस बढ़ने के साथ ही नगर क्षेत्र की बिजली व्यवस्था भी बेपटरी हो गई है। उमस बढ़ते ही बिजली विभाग भी मनमानी पर उतर आया है। नगर सिविल लाइंस कलेक्ट्रेट क्षेत्र में बुधवार को पूरे दिन बिजली गुल रही। वहीं नगर के आराजीबाग, करतालपुर, ब्रह्मस्थान आदि इलाकों की बिजली पूरी रात गुल रही है। जिसके कारण लोगों को पूरी रात जागकर काटनी पड़ी।
बरसात के मौसम में चिपचिपी गर्मी उमस के कारण बढ़ जाती है। ऐसे में कूलर और पंखे की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। लेकिन जनपद में उमस बढ़ने के साथ ही बिजली ने भी आंखें दिखानी शुरू कर दी है। गांव की बात दूर शहर में भी बिजली लोगों को परेशान कर रही है। बिजली कब आएगी और कब जाएगी इसका कोई समय निर्धारित नहीं है। नगर के सिविल लाइन, कलेक्ट्रेट क्षेत्र में मंगलवार को दिन में पांच से घंटे बिजली गायब रही है। वहीं बुधवार को पूरे दिन आंख मिचौली जारी रही। जिसके कारण कार्यालयों में काम ठप हो गया। बुधवार की रात को मातनपुर फीडर के पैनल में चूहा घुस गया जिससे पैनल जल गया। पूरी रात इससे जुड़े शहर के मुहल्लों और गांवों में बिजली नहीं आई। घरों का इनवर्टर भी जवाब दे गया। जिनके पास इंवर्टर आदि की सुविधा नहीं है वह लोग जागते हुए रात बिताने को विवश हुए। सुबह दैनिक दिनचर्या के लिए लोग हैंडपंपों पर पानी के लिए लाइन लगाने को विवश हुुए। लगभग 9.30 बजे फाल्ट को दूर कर बिजली का आपूर्ति शुरू की जा सकी। वहीं इस संबंध में जब विभाग के अधिकारियों से बात की जाती है तो उनके द्वारा कहा जाता है कि फाल्ट और बरसात अधिक होने के कारण यह समस्या हो रही है।
वर्तमान में बारिश अधिक होने के कारण बिजली की आपूर्ति पर प्रभाव पड़ा है। रही बात मंगलवार और बुधवार को कटौती की तो सिविल लाइंस क्षेत्र में एक ट्रांसफार्मर खराब हो गया था उसे ठीक करने के लिए शटडाउन लिया गया था। जो भी कमियां हैं उसे दुरुस्त कर दिया जाएगा। - अरविंद कुमार, अधिशासी अभियंता।
मातनपुर में बिजली आपूर्ति के लिए लगे पैनल में चूहा घुसकर मर गया था। जिसके कारण पैनल जल गया। जिसके कारण इससे जुड़े क्षेत्रों में बिजली गुल रही। सुबह कर्मचारियों ने नया पैनल लगाया तब जाकर विद्युत आपूर्ति शुरू हो सकी। - संदीप कुमार, एसडीओ।