सरायमीर थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार रात सामूहिक दुष्कर्म के मामले में सुलह न करने पर आरोपियों ने पीड़िता पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। बचाव के लिए पहुंचे परिवार के पांच लोगों को भी पीटकर घायल कर दिया। सभी को पीएचसी मार्टीनगंज में भर्ती कराया गया। रेप पीड़िता समेत दो लोगों को हालत गंभीर है। इस मामले में दुष्कर्म के चार आरोपियों समेत सात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोपी एक महीने पहले ही जमानत पर जेल से छूटकर आए हैं।
सरायमीर थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती के साथ दो अगस्त 2017 को सामूहिक दुष्कर्म हुआ था। इसमें गांव के सूरज, सुरेंद्र, रोहित और अमरजीत सिंह को आरोपी बनाया गया था। यह सभी एक महीने पहले ही जमानत पर छूटकर घर आए थे। और मुकदमे में सुलह-समझौते का दबाव बना रहे थे।
पीड़िता के घर वालों ने इससे इंकार कर दिया। इससे नाराज होकर आरोपियों ने मंगलवार की रात करीब साढ़े आठ बजे किसी काम से घर से बाहर निकली पीड़िता पर घात लगाकर हमला बोल दिया। युवती की चीख पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य उसे बचाने पहुंचे तो मनबढ़ युवकों ने उन्हें भी पीटकर घायल कर दिया।
घायल होने वालों में रेप पीड़िता सहित परिवार के अन्य पांच सदस्य हैं। घटना की सूचना मिलने पर डायल 100 की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देख आरोपी भाग गए। पुलिस ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मार्टीनगंज में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख डाक्टर ने रेप पीड़िता सहित दो लोगों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सीओ फूलपुर रविशंकर प्रसाद ने बताया कि रेप के चार आरोपियों समेत सात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।