आजमगढ़। जिले में शून्य पर पहुंच चुके कोरोना मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोत्तरी होने लगी है। एक पखवारा में ही यह आंकड़ा 23 तक पहुंच गया है। रविवार को भी दिल्ली व मुंबई से कुल 9 कोरोना मरीज जिले में पहुंचे। रेलवे स्टेशन पर स्क्रीनिंग के दौरान इनकी पहचान हुई और एंटीजेन से पॉजिटिव आने के बाद इन्हें घरों को भेज कर होम क्वारंटीन करा दिया गया। पिछली बार की तरह ही इस बार भी ट्रेनों के माध्यम से ही जिले में कोरोना संक्रमित पहुंच रहे है और यदि इनसे स्थानीय स्तर पर संक्रमण की शुरूआत हो गई तो फिर इसे नियंत्रित करना मुश्किल होगा।
एक पखवारा पूर्व तक जिला कोरोना से पूरी तरह से मुक्त था। एक्टिव मरीजों की संख्या शून्य तक पहुंच गई थी। वहीं मुंबई, केरल, पंजाब, छत्तीसगढ़ व दिल्ली में एक बार फिर कोरोना का संक्रमण बढ़ा है। जिसका असर जिले में भी देखने को मिल रहा है। दिल्ली व मुंबई से आने वाली ट्रेनों से कोरोना पॉजिटिव जिले में पहुंच रहे है। बीते दो दिनो में ही छह कोरोना पॉजिटिव दिल्ली से जिले में पहुंचे थे वहीं रविवार को तो जैसे जिले में कोरोना बम फूट पड़ा। दिल्ली से चल कर आजमगढ़ पहुंची सरयू जमुना एक्सप्रेस ट्रेन से चार, कैफियात एक्सप्रेस से चार व मुंबई से आई गोदान एक्सप्रेस से एक कुल नौ कोरोना पाजिटिव मरीज मिले। एक दिन में नौ पॉजिटिव मरीज मिलने से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है। सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि जिले में कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 6020 पर पहुंच गई है, जिसमें 5902 पूरी तरह से स्वस्थ्य हो चुके है। वर्तमान में एक्टिव मरीजों की संख्या 23 है। जिसमें 9 रविवार को दिल्ली व मुंबई से आई ट्रेनों से मिले है।