पल्हना। मेंहनगर थाना क्षेत्र के पवनीकला गांव निवासी एक दंपति सोमवार को उचक्कागिरी के शिकार हो गए। बाइक सवार युवकों ने साफ करने के बहाने महिला से जेवरात मांगे और फिर उसे लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने थाने पर अज्ञात उचक्कों के खिलाफ तहरीर दी है।
पवनीकला गांव निवासी श्याम कन्हैया सिंह सोमवार को दिन में घर पर ही मौजूद थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उनके घर पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हम आईएमसी बिजनेस कंपनी से आए हैं और सोना-चांदी के जेवरात साफ करने का काम करते हैं। अभी हम कंपनी के प्रचार में आए हैं और मुफ्त में आपके जेवरात साफ करेंगे। इस पर श्याम कन्हैया की पत्नी शीला ने अपने पायल साफ करने के लिए उन्हें दिया जिसे साफ कर उन्होंने उसे लौटा दिए। इसके बाद युवकों ने बताया कि सोने के जेवरात हों तो उसे भी साफ कर देंगे। फ्री में जेवरात साफ होने की लालच में शीला ने उन्हें एक चेन व चार अंगूठी लाकर दिया। इसके बाद युवकों ने एक ढक्कनदार टिफिन में पानी भर कर लाने को कहा। शीला पानी भरा टिफिन लेकर आई जिसमें युवकों ने कोई केमिकल मिलाया और जेवरात डाल दिए। फिर दंपति के आंख में धूल झोंकते हुए जेवरात निकाल लिया और टिफिन बंद कर उन्हें यह कहते हुए दे दिया कि इसे बिना खोले खौलाएं। इसके बाद ठंडा होने पर ढक्कन खोले सारे जेवरात साफ मिलेंगे। शीला टिफिन लेकर अंदर गर्म करने चली गई और दोनों युवक भी श्याम कन्हैया को नमस्कार करते हुए बाइक स्टार्ट कर चले गए। 15-20 मिनट बाद शीला ने टिफिन खोला तो उसमें पानी के सिवाय कुछ नहीं था। उचक्कागिरी का शिकार होने की जानकारी होते ही दंपति मेंहनगर थाने पहुंचे और अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। अभी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है और पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी है।