अहरौला में हुई जहरीली शराब कांड मामले में बृहस्पतिवार को विधायक रमाकांत यादव की कोर्ट में पेशी थी। शराब कांड से जुड़े तीन मामलों में एक गवाह की गवाही हुई। इसके बाद जज ने सुनवाई के लिए अगली तारीख मुकर्रर कर दिया।
अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल कस्बा में सरकारी ठेके से मिलावटी शराब की बिक्री की गई थी। जिसे पीकर दर्जन भर से अधिक लोगों की मौत हुई थी तो वहीं कई अन्य गंभीर रोग से पीड़ित हो गए थे। इस घटना के बाबत भारी मात्रा में मिलावटी शराब बरामद की गई थी। एक पूरी फैक्ट्री ही पुलिस ने पकड़ा था। जहरीली शराब से हुई मौत मामले में अहरौला व फूलपुर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। वहीं एक मुकदमा शराब बरामदगी का भी दर्ज किया गया था। इन तीनों मुकदमों में सपा के फूलपुर-पवई सीट से विधायक रमाकांत यादव का नाम भी शामिल है। मामला एमपीएमएलए कोर्ट के न्यायाधीश ओम प्रकाश वर्मा की अदालत में चल रहा है। बृहस्पतिवार को तीनों मामलों में पेशी थी। जिसमें रमाकांत यादव फतेहगढ़ जेल से वीसी के माध्यम से पेश हुए। बृहस्पतिवार को तीनों मामलों में गवाह माधुरी की गवाही हुई। इसके बाद न्यायाधीश ने सुनवाई के लिए 14 मार्च की तारीख मुकर्रर कर दिया।