थाना क्षेत्र के दनियालपुर गांव में बुधवार की रात बारात में डीजे पर नाचने को लेकर बाराती और घाराती में हुई मारपीट में तीन लोग घायल हो गए। बवाल बढ़ने के बाद लोगों ने खेतों में छुप कर जान बचाई। उपद्रवियोें ने तीन वाहनों को तोड़ फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। बारात में डीजे पर डांस को लेकर घराती व बराती पक्ष में विवाद हुआ था। मारपीट में दुल्हन के भाई समेत तीन लोगों को चोट आई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह हालात पर नियंत्रण किया। फिर पुलिस की मौजूदगी में विवाह का कार्यक्रम संपन्न हुआ।
दनियालपुर गांव निवासी लालचंद गोंड के बेटी की बुधवार को शादी थी। बारात अतरौलिया थाना क्षेत्र के बसहिया गांव से आयी थी। रात लगभग दस बजे जनवासे से बारात डीजे पर डांस करते हुए निकली। दरवाजे पर बारात पहुंचने पर बारातियों के साथ ही डीजे पर कुछ घराती भी डांस करने लगे। इसी दौरान कुछ विवाद हुआ और किसी ने डांस कर रहे युवाओं पर पत्थर फेंक दिया। पत्थर से दुल्हन का भाई अविनाश गोंड (19) के अलावा लड़की पक्ष के विकास गोंड (16) व अंकित (18) घायल हो गए। इसके बाद बात बढ़ गई और दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव करने लगे। स्थिति तो यह उत्पन्न हो गई कि लोगों को आसपास स्थित गेहूं, सरसों व अरहर के खेत में छुप कर खुद की जान बचानी पड़ी। सूचना पर अहरौला थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने पर मामला कुछ शांत हुआ और पुलिस ने अपनी मौजूदगी में ही विवाह की सारी रस्म पूरी कराई। विवाह संपन्न कराने के बाद दुल्हन विदा हो गई। एसओ सुनील कुमार दुबे ने बताया कि सूचना पर पहुंच कर मामला शांत कराने के साथ ही वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न करा दिया गया। इस मामले में किसी भी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलती है तो मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।