आजमगढ़। स्नेह, सुरक्षा और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन आज मनाया जाएगा। सुबह पांच बजकर 46 मिनट से लेकर दोपहर एक बजकर 26 मिनट तक राखी बांधने का अच्छा मुहूर्त है। रक्षाबंधन की पूर्बा संध्या पर बाजार में खूब रौनक रही। शुक्रवार को राखी, कपड़े सहित अन्य सामानों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ रही। बहनों ने अपनी मनपसंद राखियां खरीदीं। वहीं, भाइयों ने भी बहन को देने के लिए उपहार की खरीदारी की। पर्व के मद्देनजर घरेलू जरूरत का सामान और मेहमानों की खातिर के लिए भी जरूरी सामान खरीदा। महिलाओं ने बच्चों के लिए बाजार से कपड़ों की खरीदारी की। जनरल स्टोर पर लोग सेवईयां, नारियल का गोला, चीनी, बूरा समेत अन्य जरूरत का सामान की खरीदारी की। हलवाई की दुकानों पर घेवर, फैनी सहित अन्य मिठाइयों की मांग बढ़ गई। छोटे भाई-बहनों के लिए चॉकलेट पैक की बिक्री हुई। सराफा कारोबारियों के यहां चांदी की राखी भी खूब पसंद की जा रही है।
00
पंचांग के अनुसार रक्षाबंधन का त्योहार हर वर्ष सावन की पूर्णिमा तिथि को भद्रा रहित काल में मनाए जाने की परंपरा है। सावन पूर्णिमा की तिथि की शुरुआत आठ अगस्त को दोपहर दो बजकर 14 मिनट से शुरू होगी, समापन नाै अगस्त को दोपहर 01 बजकर 26 मिनट पर होगा। उदयातिथि के अनुसार रक्षाबंधन का त्योहार 09 अगस्त को मनाया जाएगा। 09 अगस्त 2025 को सुबह 05 बजकर 46 मिनट से लेकर दोपहर 01 बजकर 26 मिनट तक राखी बांधने का सबसे अच्छा मुहूर्त होगा।
पंडित नीतेश मिश्रा, ज्योतिषाचार्य
-
फौजी और दिव्यांगों के लिए राखी और मिष्ठान
अंबारी : फूलपुर के नगर पंचायत फूलपुर और माहुल नगर पंचायत के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में रक्षाबंधन को लेकर राखी की दुकानें और मिष्ठान की दुकानों पर भीड़ रही। भाजपा नेता सुजीत जायसवाल का कहना है कि माहुल नगर पंचायत शिवाजी में चौक पर पर लगाई गई है। जहां पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी रक्षाबंधन के अवसर फौजी और दिव्यांग भाई बहनों को उपहार स्वरूप राखी और मिठाई खिलाई जाएगी। माहुल के अलावा अंबारी ,भेड़िया ,गददौपुर ,पल्थी ,दीदारगंज ,हुब्बी गंज ,बिलारमऊ ,पलिया ,गोधना ,मैगना आदि बाजारों में राखी और मीठे के दुकानों पर खूब भीड़ हो रही है । जिससे पूरा बाजार गुलजार हो गए है ।
-
सुबह छह बजे से बहनों के लिए रोडवेज में मुफ्त यात्रा
आजमगढ़। रक्षाबंधन पर यूपी सरकार ने महिलाओं को तीन दिनों की मुफ्त यात्रा की सौगात दी है। महिलाओं के साथ सफर करने वाले एक सहयात्री को भी यह सुविधा दी गई है। सुबह छह बजे से निशुल्क यात्रा की सुविधा होगी। इसमें जनरथ, पिंक बस, साधारण, एसी और अन्य सभी बसें शामिल हैं। आरएम मनोज कुमार वाजपेयी ने यह जानकारी दी।
चालक-परिचालक महिलाओं को माताजी और बहनजी से करेंगे संबोधित रक्षाबंधन पर सभी चालकों और परिचालकों को महिलाओं व उनके साथ आए यात्री से सलीके से बात करनी है। चालक व परिचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी महिलाओं को सीट पर बैठने या फिर फ्री टिकट बनाने के लिए यदि उनसे बात करनी है तो माताजी और बहनजी से संबोधित करेंगे।