सिधारी थाना क्षेत्र के पैकौली गांव के पास शुक्रवार की सुबह 10 बजे ट्रेन की चपेट में आने से राजगीर की मौत हो गई। घटना के बाद लोगों की मौके पर भीड़ जुट गई।
सिधारी थाना के भरथही (समेंदा) गांव निवासी मोती राजभर (45) पुत्र राजबली राजगीर का काम करता था। रोज की भांति शुक्रवार को भी वह साइकिल से शाहगढ़ काम पर जा रहा था। अभी वह पैकौली गांव के पास स्थित रेलवे लाइन पार कर रहा था कि गोदान एक्सप्रेस की चपेट में आ जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ ही देर में उसकी पहचान भी लोगों ने कर लिया और सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही सिधारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेने के साथ ही घटना से परिजनों को अवगत कराया। परिजनों के आने पर पुलिस ने पंचनामा कर शव पीएम के लिए मर्चरी भेज दिया। मोती तीन पुत्र व दो पुत्रियों का पिता था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। आठ माह पूर्व पत्नी की भी मौत हो चुकी है, जिससे पांचों बच्चे अनाथ हो गए हैं।