जनपद में विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर आंदोलित छात्र-छात्राओं, युवाओं और प्रबुद्धजनों ने गुरुवार को गांधी प्रतिमा के पास प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने ‘वी वांट यूनिवर्सिटी’ और ‘आजमगढ़ की यही पुकार, विश्वविद्यालय अबकी बार’ का नारा लगाया।
डीएवी महाविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष वरुण कुमार यादव ने कहा कि जनपद का प्रत्येक युवा यह समझ चुका है कि जनपद में विश्वविद्यालय की स्थापना बहुत जरूरी है। उनका भविष्य विश्वविद्यालय की स्थापना से जुड़ा है। आजमगढ़ के युवा तब तक शांत नहीं बैठेंगे, जब तक जनपद में विश्वविद्यालय नहीं बन जाता।
छात्रनेता विभूति नारायण यादव ने कहा कि विश्वविद्यालय के मुद्दे पर हम सब एकजुट हैं। विश्वविद्यालय अभियान रुकने वाला नहीं है। जूही श्रीवास्तव ने कहा कि विश्वविद्यालय की स्थापना से जनपद के युवाओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा होगी उन्हें बाहर नहीं जाना होगा।
डा. आरके सिंह ने कहा कि जनपद में विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग बहुत पुरानी है। अब इसे पूरा करने का वक्त आ गया है। इस मौके पर डा. सुजीत श्रीवास्तव, देवेंद्र दुबे, अवनीश यादव, प्रशांत त्रिपाठी, विनोद यादव, सन्नी यादव, वरुण यादव, यशपाल सिंह, ज्ञानेंद्र यादव, राकेश प्रजापति, सूरज गुप्ता आदि उपस्थित थे।