आजमगढ़। पूर्वांचल के पिछड़ेपन को दूर कर विकसित किए जाने के उद्देश्य से गठित पूर्वांचल विकास बोर्ड की बैठक उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कमिश्नरी सभागार में हुई। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ में विवि स्थापना की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। एयरपोर्ट विकसित हो रहा है। मार्गों को चौड़ा करने, सठियांव चीनी मिल को और प्रगति देने, मुबारकपुर सिल्क साड़ी उत्पादकोंके समक्ष आ रही समस्याओं को दूर करने, गल्ले की बड़ी मंडी की स्थापना की दिशा में कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गठित बोर्ड में पूर्वांचल के सभी जनपदों के जनप्रतिनिधियों को सदस्य के रूप में नामित किया गया है। पूर्वांचल को आर्थिक, औद्योगिक, व्यापारिक, शैक्षिक, सामाजिक रूप से सुदृढ़ करने के लिए समिति का गठन किया गया है। कुल 13 बिंदु इसमें शामिल हैं। इसमें कृषि उपज का लाभकारी मूल्य, जल प्रबंधन, सड़क निर्माण एवं मरम्मत, प्राथमिक शिक्षा, माध्यमिक एवं उच्च
शिक्षा, स्वास्थ्य एवंचिकित्सा, विद्युत, पर्यटन, कौशल विकास एवं उद्योग, पशुपालन, मत्स्य पालन, नगर विकास,ग्राम्य विकास शामिल है। इन सभी समस्याओं के निराकरण के लिए पूर्वांचल विकास बोर्ड के सदस्य, संबंधित विभाग के अधिकारी, नियोजन विभाग के मंडल-जिला स्तरीय अधिकारी और इंगितइश्यू के सम्बन्ध में रिसर्च करने वाले विश्वविद्यालय एवं शिक्षण संस्थानों से विशेषज्ञ को नामित किया गया। सीएम के आर्थिक सलाहकारी केवी राजू ने कहा कि इन सभी 13 इश्यू पर गठित समिति दो सप्ताह में विस्तृत टिप्पणी उपलब्ध कराएगी। चार सप्ताह में इन इश्यू को स्थायी रूप से समाप्त करने के लिए कार्ययोजना बनाकर कार्यवाही की जाएगी। उपाध्यक्ष दयाशंकर मिश्र ने पूर्वांचल के अन्तर्गतआने वाले सभी जनपदों की बुनियादी समस्याओं से बोर्ड को अवगत कराया। संबंधित अधिकारियों को निस्तारण का निर्देश दिया।
व्यापारियों से ली गई समस्याओं की जानकारी
अपर मुख्य सचिव नियोजन कुमार कमलेश ने मंडल के तीनों जनपदों से आए व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों से भी उनकी समस्याएं जानी। आजमगढ़ में निजामाबाद की ब्लैक पॉटरी और मुबारकपुर की रेशमी साड़ी के विपणन की समस्या, मऊ की टेक्सटाइल की समस्या तथा बलिया में ओडीओपी में चयनित बिंदी कारीगरों की समस्याएं पूछी गईं। समस्याओं के निस्तारण के लिए समितियों का गठन किया गया। ये समितियां भी दो सप्ताह में उत्पादन, टर्न ओवर, उत्पाद के सम्मिलित लोगों की अनुमानित संख्या आदि पर विस्तृत आख्या तैयार कर बोर्ड को उपलब्ध कराएंगी।
ये रहे मौजूद
कमिश्नर कनक त्रिपाठी ने सभी का स्वागत किया। बोर्ड के दोनों उपाध्यक्षों नरेंद्र सिंह और डा. दयाशंकर मिश्र सहित वाराणसी, गोरखपुर, महराजगंज बस्ती, गाजीपुर, अमेठी, देवरिया,सोनभद्र, प्रतपातगढ़, प्रयागराज आदि जनपदों के सदस्यों मौजूद थे। विशेष सचिव मत्स्यपालन एमएसए रिजवी, विशेष सचिव नियोजन अंकित अग्रवाल, संयुक्त विकास आयुक्त पीएन वर्मा,सीडीओ आजमगढ आनन्द कुमार शुक्ला, सीडीओ बलिया बद्रीनाथ सिंह, अमजद अली अन्सारी, भाजपा जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह, ध्रुवसिंह, श्रीकान्त राय, अजय सिंह, लक्ष्मण मौर्य, विनोद राय थे।