आजमगढ़। पक्के मार्गों से वंचित गांवों और मजरों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए पिछले दिनों शासन की ओर से 250 से अधिक आबादी वाले गांवों और मजरों का प्रस्ताव मांगा गया था। अब इसे मंजूरी देने का क्रम शुरू हो गया है। शासन की ओर से 17.67 करोड़ की लागत से 15 सड़कों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। निर्माण के लिए पहली किस्त के रूप में 3.53 करोड़ की धनराशि भी जारी कर दी गई है। इससे निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है। इन गांवों के पक्के मार्गों से जुड़ने से किसानों के साथ ही ग्रामीणों को काफी लाभ होगा।
शासन ने पक्के मार्गों से वंचित 250 से अधिक आबादी वाले गांव में पक्की सड़क की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पीडब्ल्यूडी से प्रस्ताव मांगा गया था। प्रत्येक विधानसभा से 10 करोड़ तक के प्रस्ताव भेजने के निर्देश थे। पीडब्ल्यूडी के विभिन्न खंडों की ओर से अलग-अलग प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया था। अब इस मंजूरी देने का क्रम शुरू गया है। फिलहाल शासन की ओर से विभिन्न विधानसभाओं की 15 सड़कों के लिए मंजूरी दी गई है। इन सड़कों की निर्माण 17.67 करोड़ की लागत से किया जाएगा। पहली किस्त में निर्माण शुरू करने के लिए 3.53 करोड़ की धनराशि भी जारी की की गई है। अब जल्द ही निर्माण शुरू कराया जाएगा।
इन गांवों में बनेगी सड़क
आजमगढ़। सड़गी विधानसभा के बैजाबारी, चन्नी का पुरा, परेवा-रुद्रपुर मार्ग, बेरमा-कोटवा मार्ग को मंजूरी दी गई है। लालगंज विधानसभा में रामपुर बढौना से गौरीपुर संपर्क मार्ग, दरियापुर बसही अनुसूचित बस्ती मार्ग को मंजूरी दी गई है। फूलपुर-पवई विधानसभा में भुखली संपर्क मार्ग, नरवारी संपर्क मार्ग, सदरपुर बरौली भरौटी मार्ग को स्वीकृति दी गई है। दीदारगंज में टिकरिया परियान बस्ती, अदरसपुर यादव बस्ती संपर्क मार्ग को मंजूरी मिली है। निजामाबाद में मारूफपुर हादीअली संपर्क मार्ग, कुजियारी चौहान बस्ती संपर्क मार्ग की स्वीकृति हुई है। मेंहनगर विधानसभा में नरायनपुर अनुसूचित बस्ती, बल्लीपुर संपर्क मार्ग की स्वीकृत हो गई है।
प्रत्येक विधानसभा से लगभग 10 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। अब इसको स्वीकृति मिलनी शुरू हुई है। धनराशि मिलते ही कार्य शुरू किया जाएगा।
रमाशंकर चौधरी, चीफ इंजीनियर