फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गुब्बारे से सजे स्कूल, गूंजा ककहरा

विज्ञापन
भदुली स्थित इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय में छात्रा को तिलक लगाकर स्वागत करती शिक्षक। - फोटो : AZAMGARH
विज्ञापन
आजमगढ़। साल भर का सन्नाटा सोमवार को टूटा। प्राइमरी स्कूलों को गुब्बारों से सजाया गया। उल्लास भरे माहौल में कोरोना के खौफ को परे ठेलते हुए बच्चे चहकते कक्षाओं में दाखिल हुए। दिन चढ़ा तो स्कूलों से ककहरा गूंजने लगा। छुट्टी के समय उल्टी गिनती हुई और एक तक आते-आते बस्ता समेटने लगे और घंटी बजते ही उछलते हुए घरों की ओर चल पड़े।
विज्ञापन

कोरोना महामारी के चलते लगभग एक साल तक विद्यालय बंद रहे। विद्यालयों के आसपास की चहलपहल और रौनक ही खत्म हो गई थी। सोमवार को स्कूलों का रंगरूप बदला हुआ दिखा। गुब्बारों और झंडियों से सजावट की गई। वार्षिकोत्सव तो नहीं था लेकिन किसी सालाना जलसे से यह अवसर कम भी न था। छात्र-छात्राएं बस्ता लेकर पहुंचे तो स्कूल के द्वार पर उनको तिलक लगाया गया। विद्यार्थी भी उत्साहित थे। संगी-साथियों से मिलने की उमंग लिए आए थे। हालांकि कुछ स्कूलों में बाहर से तो सफाई कर दी गई थी लेकिन बेंच-डेस्क पर धूल जमा थी, जिसे उत्साहित बच्चों ने खुद ही साफ कर लिया।
पल्हनी के प्राथमिक विद्यालय गेलवारा में सुबह के पौने नौ बजे शिक्षकों आने लगे। विद्यालयों की फर्श धूल से अंटी थी। डायट के प्रवक्ता वीरेंद्र कुमार विद्यालय में पहुंचे। कुछ ही देर बाद प्रधानाध्यापक बृजेश कुमार यादव गुब्बारे और रोरी लेकर पहुंचे। आनन-फानन में सजावट की गई। प्रधानाध्यापक व डायट प्रवक्ता ने बच्चों को तिलक लगाया। पल्हनी के इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय भदुली में सुबह सवा नौ बजे शिक्षक बच्चों के स्वागत की तैयारी में जुट गए थे। प्रधानाध्यापक राधेश्याम यादव व डायट के प्रवक्ता ने हर विद्यार्थी को तिलक लगाया और टाफियां दीं। पल्हनी के प्राइमरी स्कूल (इंग्लिश मीडियम) में सुबह 9.30 बजे अध्यापिकाएं गपशप में लगी थीं और बच्चे क्लास रूम में बेंच साफ कर रहे थे। हेडमास्टर सीता चौहान पहुंची तो नौनिहालों के स्वागत की तैयारियां होने लगीं। विद्यार्थियों से ही दूसरे कमरों में ले जाकर बेंचें रखवाई गईं।
विज्ञापन

चॉकलेट व गुब्बारा देकर किया स्वागत
सरायमीर। मिर्जापुर विकास खंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय हाजीपुर में प्रधानाध्यापक संजय कुमार व अध्यापकों ने बच्चों को स्कूल पहुंचने पर गुब्बारे, फूल और टाफियां दीं। नए माहौैल में स्कूल पहुंचे बच्चे भी काफी प्रफुल्लित दिखे। सहपाठियों से मुलाकात की। प्राथमिक विद्यालय खरेवां में प्रधानाध्यापक संजय पांडेय, प्राथमिक विद्यालय सरायमीर प्रथम में प्रधानाध्यापक नीता कुमारी ने छात्रों का स्वागत किया। ठेकमा क्षेत्र के इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय बरदह में प्रेरणा ज्ञानोत्सव मनाया गया। उपशिक्षा निदेशक एवं डायट प्राचार्य अमरनाथ राय व खंड शिक्षा अधिकारी ठेकमा विश्वजीत ने मिशन कायाकल्प के तहत बनाई चारदीवारी और इंटरलॉकिंग का लोकार्पण किया। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की। प्रधानाध्यापक मनोज कुमार राय ने आभार जताया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें