भाई बहन के प्रेम का प्रतीक रक्षा बंधन का त्योहार जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है। वैसे-वैसे बाजार में राखी की दूकानों पर लोगों की भीड़ बढ़ रही है। दूकानों पर तरह-तरह की रंगी-बिरंगी राखी सज गईं हैं।
इसी हफ्ते राखी का उत्सव होने के कारण जनपद के सभी क्षेत्रों में राखियों की दूकानें सज चुकी हैं। जैसे-जैसे पर्व नजदीक आ रहा है लोगों का उत्साह बढ़ता जा रहा है। जिन बहनों को अपने भाइयों को बाहर राखियां भेजनी है वे लगभग 15 दिन पूर्व से ही इसकी खरीददारी में जुटी हुई हैं। बाजार में बड़ों की पसंद से लेकर बच्चों की पसंद की राखियां उपलब्ध हैं। बाजार में चायनीज मोती वाली राखियां के साथ चंदन, रुद्राक्ष, रेशम, डायमंड आदि प्रकार की राखियां हैं। वहीं बच्चों की पसंद में छोटा भीम, किसना, मोगली, डोरीमॉन सहित विभिन्न प्रकार की कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां भी दूकानों पर सजाई गई है। वहीं कपड़े की दूकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ देखने को मिल रही है। कपड़े की दूकानों पर जहां महिलाएं तीज पर्व को नजदीक देख खरीदारी कर रही हैं। वहीं पुरुष अपनी बहनों को रक्षा बंधन के दिन उपहार देने के लिए खरीदारी कर रहे हैं। बाजार में 20 रुपये से लेकर पांच सौ रुपये तक की राखियां उपलब्ध हैं। इस समय लोगों की पसंद डायमंड नग वाली राखी बनी हुई है। जो 50 रुपये से लेकर 150 रुपये तक बिक रही है।