06 ऑनलाइन हाजिरी के विरोध में सठियांव ब्लाक पर प्रदर्शन करते हुए। संवाद
अमिलो। ऑनलाइन हाजिरी के आदेश के खिलाफ बृहस्पतिवार को सठियांव ब्लाॅक कार्यालय के बाहर ग्राम पंचायत सचिव और ग्राम विकास अधिकारियों ने हाथ में काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया।
ग्राम विकास अधिकारी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष राम सिंह और ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के मंत्री अंगद चौहान के नेतृत्व में सचिव सुबह बीडीओ कार्यालय परिसर में एकत्र हुए और काली पट्टी बांधकर नारेबाजी की। राम सिंह ने कहा कि हमारे पास एक साथ चार से पांच गावों की जिम्मेदारी है। कभी मनरेगा, कभी स्वच्छ भारत मिशन, कभी राजस्व कार्य, कभी तहसील-कोर्ट के चक्कर लगाना पड़ता है। ऐसे में ठीक ऑनलाइन हाजिरी संभव नहीं है। यह आदेश अव्यावहारिक है और इसे तत्काल वापस लिया जाए। अंगद चौहान ने चेतावनी दी कि यदि पांच दिसंबर तक आदेश वापस नहीं लिया गया तो सभी सचिव मुख्यालय पर सांकेतिक सत्याग्रह करेंगे और पंचायत सचिवों पर थोपे जा रहे अन्य विभागों के अतिरिक्त कार्यों का भी विरोध करेंगे। प्रदर्शन के दौरान हरिकेश राय, संतोष सिंह, प्रभाकर पाण्डेय, विनोद यादव, अनुराग श्रीवास्तव, धनंजय राय, ज्ञानदीप, कीर्तिका यादव मौजूद रहे।