मेंहनगर। भाकपा माले के राज्यव्यापी आह्वान पर बृहस्पतिवार को जिला मुख्यालय पर मार्च एवं प्रदर्शन किया। जुलूस कुंवर सिंह उद्यान से निकल जिला मुख्यालय पहुंचा, जहां प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
भाकपा माले के वरिष्ठ नेता व किसान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष जयप्रकाश नारायण ने कहा कि उत्तर प्रदेश और दिल्ली की सरकारें लूट, झूठ और नफरत की राजनीति पर टिकी हुई हैं। भाकपा माले के जिला प्रभारी एवं खेत व ग्रामीण मजदूर सभा के नेता सुदर्शन राम ने कहा कि लालगंज तहसील के लखमीपुर उबारपुर गांव के गरीब लंबे समय से दलित आबादी, बिजली और रास्ते की समस्या को लेकर संघर्षरत हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें उजाड़ने पर तुली है। प्रदर्शन में जिला प्रभारी विनोद सिंह, बसंत, रामकृष्ण यादव, रामजीत आदि शामिल थे।