आजमगढ़। शासन ने परिषदीय विद्यालयों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब परिषदीय विद्यालयों की दीवारों पर टोल फ्री नंबर 1800-889-3277 अनिवार्य रूप से चस्पा किया जाएगा। इस नंबर पर छात्र-छात्राएं, अभिभावक और ग्रामीण विद्यालय से जुड़ी शिकायतें दर्ज कर सकेंगे।
बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, जिले के सभी 2706 से अधिक विद्यालयों में यह कार्य 15 अक्तूबर तक हर हाल में पूरा करना होगा। इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई तय मानी जा रही है।
बीएसए डॉ. राजीव पााठक ने बताया कि विद्यालयों में शिक्षकों की अनुपस्थिति, समय से न पहुंचना, स्वच्छता, रख-रखाव जैसी शिकायतें लगातार मिलती रही हैं। कई मामलों में कार्रवाई भी की गई है। अब इस टोल फ्री नंबर के माध्यम से शिकायतें सीधे उच्च स्तर तक पहुंचेंगी, जिससे विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था में सुधार होगा। इसके साथ ही, विद्यालयों की दीवारों पर यातायात के सामान्य नियम भी लिखवाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इससे छात्रों में जागरूकता बढ़ेगी और शिक्षकों की कार्यशैली की निगरानी भी संभव हो सकेगी।