बरदह। तहसील मार्टीनगंज में अधिवक्ता व राजस्व निरीक्षक के बीच हुए विवाद के मामले में दीदारगंज पुलिस ने राजस्व निरीक्षक की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। उधर अधिवक्ताओं की तरफ से भी मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है।
तहसील के मीटिंग हाल बीते 30 दिसंबर को राजस्व निरीक्षक सतेंद्र सिंह और अधिवक्ता प्रशांत कुमार तिवारी के बीच कोई रिपोर्ट लगाने को लेकर बहस हो गई। अधिवक्ता ने राजस्व निरीक्षक पर रिपोर्ट लगाने के नाम पर 15 हजार रुपये रिस्वत मांगने का आरोप लगाया। वहीं, राजस्व निरीक्षक सतेंद्र सिंह ने अधिवक्ताओं पर जांच रिपोर्ट लगाने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए अधिवक्ताओं के एक दल पर उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू होने की बात कही।
इस मामले में राजस्व निरीक्षक की तहरीर पर दीदारगंज पुलिस ने पांच अधिवक्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मुकदमा दर्ज होने के बाद बुधवार को दो दर्जन से अधिक अधिवक्ता दीदारगंज थाने पर पहुंचे और राजस्व निरीक्षक के खिलाफ तहरीर दिया। अधिवक्ता प्रशांत तिवारी ने राजस्व निरीक्षक पर आरोप लगाया कि राजस्व निरीक्षक ने न केवल उनसे गाली-गलौज की, बल्कि मारपीट भी की।
इस संबंध में एसडीएम मार्टीनगंज दिव्या सिकरवार ने कहा कि तहसील बार के अधिवक्ताओं ने शिकायत पत्र प्रस्तुत किया था, जिस दीदारगंज थाना प्रभारी को जांच और उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि राजस्व निरीक्षक की तहरीर पर पांच अधिवक्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। अधिवक्ताओं की तरफ से भी तहरीर मिली है। प्रकरण की जांच की जाएगी।