महराजगंज। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति, राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन एवं विद्युत तकनीकी कर्मचारी एकता संघ ने बृहस्पतिवार को विद्युत उपकेंद्र महाराजगंज पर बिजली पंचायत की।
पूर्वांचल एवं दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम का पीपीपी मॉडल पर किए जा रहे निजीकरण के विरोध में यह बैठक हुई। वक्ताओं ने कहा कि निजीकरण किसी भी संस्था या विभाग के हित में नहीं है। विद्युत निगमों के निजीकरण से विद्युत दरों में अप्रत्याशित वृद्धि होगी। जिसका भार उपभोक्ताओं को वहन करना अत्यंत कठिन हो जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि विद्युत निगमों के निजीकरण का विरोध कर रहे कार्मिकों का प्रबंधन वेतन रोकने के साथ अन्य तरीके से उत्पीड़न कर रही है, लेकिन हम किसी के आगे झुकने वाले नहीं हैं। आर-पार की लड़ी जाएगी।
विद्युत पंचायत की अध्यक्षता ई. संतोष चौधरी एवं संचालन प्रभु नारायण पाण्डेय ने किया। विद्युत पंचायत में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष हवलदार यादव सहित प्रधान व नगर पंचायत के सभासद आदि उपस्थित रहे।