प्रदेश के कारागार मंत्री धर्मवीर प्रजापति का शनिवार की शाम जिले में आगमन हुआ। रविवार की सुबह वे जिला कारागार पहुंच कर निरीक्षण किए और फिर बंदियों के साथ संवाद कर अपराध से नाता तोड़ने का उन्हें संकल्प दिलाया। निरीक्षण के पश्चात उन्होंने जेल की सभी व्यवस्थाओं को दुरूस्त मिलने की बात कही।
कारागार मंत्री का शनिवार की शाम ही जिले में आगमन हो गया था। वे सर्किट हाऊस में ठहरे थे। रविवार की सुबह लगभग नौ बजे वे जिला कारागार पहुंचे और पहले जेल का निरीक्षण किया। बैरकों तक जाकर उन्होंने व्यवस्थाओं को देखा और बंदियों से उनकी समस्याओं को सुना। इसके साथ ही जेल में मिलने वाली सुविधाओं व अन्य व्यवस्थाओं के बाबत भी बंदियों से ही जानकारी दी। इसके बाद एक बैरक में बंदियों के साथ बैठ कर प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी उन्होंने सुना। महिला बैरक में पहुंचने पर उन्होंने महिलाओं के साथ मौजूद उनके बच्चों को कपड़ा, फल व बिस्किट आदि भी भेंट किया। अंत में कारागार मंत्री ने जेल भोजनालय व साफ सफाई व्यवस्था का भी हाल लिया। जेल पर पहुंचने पर मंत्री को गार्ड आफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन राहुल विश्वकर्मा, एएसपी यातायात संजय कुमार, जेलर आरएन गौतम, विकास कटियार व सभी डिप्टी जेलर के साथ ही अन्य जेलकर्मी मौजूद रहे।