प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी में लिप्त अंतरजनपदीय अपराधी मुठभेड़ में गिरफ्तार
प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी में सक्रिय अंतरजनपदीय अपराधी परवेज को पुलिस ने बीती शाम मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। थाना कंधरापुर पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली। पुलिस के अनुसार, थाना कंधरापुर क्षेत्र के सेहदा टोल प्लाजा के पास पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक को रुकवाने का प्रयास किया।
रोकने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी परवेज पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने मौके से प्रतिबंधित पशुओं से भरा एक ट्रक, एक चारपहिया डस्टर वाहन तथा अन्य सामग्री बरामद की है। पकड़ा गया परवेज आजमगढ़, जौनपुर, मिर्जापुर सहित कई जिलों में गो-तस्करी और प्रतिबंधित पशु वध से संबंधित गंभीर मुकदमों में वांछित बताया जा रहा है।
टीम ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की। बदमाश लखनऊ से बिहार की ओर प्रतिबंधित पशु ले जा रहे थे। पुलिस ने जब उनका पीछा किया तो लग्जरी गाड़ी सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोतस्कर परवेज घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। - डॉ. अनिल कुमार, एसपी आजमगढ़।