पवई। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के लिए प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक (यातायात) पंकज श्रीवास्तव ने पवई क्षेत्र के खंडौरा में प्रस्तावित जनसभा स्थल, हेलीपैड, पार्किंग स्थल तथा यातायात व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ट्रैफिक ने सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी आवागमन, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग तथा वाहन पार्किंग की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री के आगमन से पहले सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। यातायात संचालन इस प्रकार सुनिश्चित किया जाए कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कार्यक्रम में आने वाले वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग, सुचारु यातायात संचालन और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी पवई शंभूनाथ यादव, उपनिरीक्षक लाल बहादुर बिंद सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी रहे। संवाद