देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमितों को इलाज की सुविधा न के बराबर मिल रही है। जिसके चलते वहां हाहाकार की स्थिति देखने को मिल रही है। ऐसे में जिले के लोग भी यह सोच रहे होंगे कि यदि दिल्ली जैसे हालत अपनडे जिले में भी सामने आए तो स्वास्थ्य महकमे की यहां क्या तैयारी है। अमर उजाला ने इसकी पड़ताल किया तो जो कुछ सामने निकल कर आया वह जिले के 50 लाख की आबादी के लिए नाकाफी है, फिर भी स्वास्थ्य महकमा किसी भी आपात स्थिति ने निपटने के लिए तैयार रहने का दंभ भर रहा है।
एल-1 में 1338, एल-2 में शून्य व एल-3 में 100 बेड की व्यवस्था
तीन क्वारंटीन सेंटर तो आधा दर्जन फैसिलिटी क्वारंटीन सेंटन
आजमगढ़। कोरोना वायरस की चुनौतियां दिनों-दिन बढ़ती जा रही है। जिले की आबादी 50 लाख है और इस आबादी के लिए स्वास्थ्य महकमे ने फिलहाल लगभग 1500 बेडों के कोविड अस्पतालों की व्यवस्था कर रखी है। लेवल-वन के अस्पताल के रुप में जिले में आधा दर्जन जगहों पर 1338 बेड आरक्षित किए गए है। जिसमें महामृत्युंजय डेटल कालेज में 250, जयपुरिया स्कूल में 250, दुर्गा जी इंटर कालेज सेहदा में 200, फार्मेसी कालेज हरसिंहपुर में 200, 100 शैय्या तरवां अस्पताल में 100, सीएचसी कोल्हूखोर पर 30 बेड शामिल है। एल-2 लेवल का अस्पताल वर्तमान में जिले में एक भी नहीं है। पहले राजकीय मेडिकल कालेज को एल-2 का दर्जा प्राप्त था लेकिन अब वह एल-3 के रुप में तब्दील कर दिया गया है। एल-3 के तहत राजकीय मेडिकल कालेज में कुल 100 बेड है, जिसमें 80 सामान्य कोरोना पॉजिटिव मरीजों के लिए व 20 गंभीर मरीजों के लिए आरक्षित है। इतना ही नहीं कई और फार्मेसी कालेजों को आरक्षित करने की कवायद में स्वास्थ्य महकमा जुटा हुआ है तो वहीं कई सेंटरों पर बेडो की संख्या बढ़ाने की भी योजना चल रही है।
तीन क्वारंटीन व सात फैसेलिटी क्वारंटीन सेंटर
आजमगढ़। कोविड अस्पतालों की व्यवस्था के साथ ही स्वास्थ्य महकमा व जिला प्रशासन जिले में तीन क्वारंटीन व सात फैसेलिटी क्वारंटीन सेंटर भी संचालित कर रहा है। सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि आजमगढ़ पब्लिक स्कूल कोटिला पर 50 लोगो, आरके फार्मेसी पर 25 लोगो व शिवालिक आयुर्वेदिक कालेज पर 25 लोगों को क्वारंटीन किए जाने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही सभी तहसीलो में भी फैसेलिटी क्वारंटीन सेंटर/शेल्टर होम स्थापित किए गए है।
कुछ निजी अस्पतालों में भी व्यवस्था की तैयारी
आजमगढ़। कुछ प्राइवेट अस्पतालों में भी लेवल-1 स्तर के अस्पताल की तैयारी में स्वास्थ्य महकमा जुटा हुआ है। सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि फिलहाल लछिरामपुर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल के कुछ कमरों को अधिग्रहित कर बेड आरक्षित करने की योजना बनी हुई है। इसी तरह कुछ और बड़े प्राइवेट अस्पतालों से भी अधिग्रहण के लिए वार्ता चल रही है।
20 वेंटीलेटर व दो डायलसिस की व्यवस्था
आजमगढ़। एल-3 स्तर के राजकीय मेडिकल कालेज में गंभीर मरीजों के लिए 20 वेंटीलेटर युक्त बेड की व्यवस्था की गई है। जिसमें चार पहले से स्थापित है तो पांच नए मंगाए गए है वहीं शेष 11 वेंटीलेटर प्राइवेट अस्पतालों से अधिग्रहित कर सीएमओ ने मेडिकल कालेज को उपलब्ध कराया है। वहीं एक डायलसिस मशीन मेडिकल कालेज में स्थापित है तो एक की व्यवस्था सीएमओ ने कराई है।
कोरोना वायरस की चुनौती से निपटने की स्वास्थ्य महकमे ने पूरी तैयारी कर रखी है। किसी भी आपात स्थिति के लिए हम पूरी तरह से तैयार है। फिलहाल एल-1 स्तर पर 1338 बेड की व्यवस्था है, जिसे बढ़ाने की कवायद में महकमा जुटा हुआ है। वर्तमान में जिले में 166 पॉजिटिव मरीज है, जिसमें छह की मौत हो चुकी है तो वहीं 120 पूरी तरह से ठीक हो चुके है। वर्तमान में मात्र 40 एक्टिव केस ही जिले में है।
डॉ. एके मिश्रा, सीएमओ, आजमगढ़।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोलू खोर।- फोटो : AZAMGARH
चक्रपानपुर स्थित राजकीय मेडिकल कालेज एंव सुपर फेसिलिटी हॉस्पिटल।- फोटो : AZAMGARH
शहर के गल्ला मंडी में केराने की दुकान में खरिदारी करते ग्राहक।- फोटो : AZAMGARH