आजमगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ छात्रों के संवाद का कार्यक्रम ''''परीक्षा पे चर्चा'''' फरवरी में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में जिले के 806 स्कूलों के कक्षा 6 से 12 तक के डेढ़ लाख विद्यार्थी को जोड़ने की तैयारी है। साथ ही दो हजार शिक्षक और एक हजार अभिभावकों को भी शामिल करने का लक्ष्य है। इसके लिए छात्र-छात्राओं को पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराया जा रहा है। विभाग द्वारा अब तक 30 हजार से अधिक बच्चों का पंजीकरण किया जा चुका है।
प्रधानमंत्री के ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए छात्र-छात्राओं के लिए सुनहरा अवसर है। इसके लिए छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। इसके बाद ऑनलाइन बहु विकल्पीय प्रश्न प्रतियोगिता कराई जाएगी। परीक्षा में उत्तीर्ण होने पर कार्यक्रम में प्रतिभाग करने का मौका मिलेगा। जिले में कक्षा छह से 12वीं तक के 806 विद्यालय हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के सातवें संस्करण का आयोजन 29 जनवरी 2024 को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में प्रस्तावित है। कार्यक्रम में छठवीं से 12वीं कक्षा तक के छात्र-छात्राएं, अभिभावक और शिक्षक भाग लेंगे। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया चल रही है। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को पंजीकृत करने और चयन करने के लिए 12 जनवरी तक इनोवेट इंडिया डाॅट माईजीओवी डाॅट इन डैश पीपीसी-2024 पर ऑनलाइन बहु विकल्पीय प्रश्न प्रतियोगिता कराई जाएगी। विजेता को विशेष रूप से डिजाइन किया हुआ प्रशंसा प्रमाणपत्र और विशेष ‘परीक्षा पे चर्चा’ किट भी मिलेगी। प्रतियोगिता उत्तीर्ण करने के बाद परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में प्रतिभाग करने का मौका मिलेगा। विजेताओं में से कुछ छात्रों को सीधे प्रधानमंत्री के साथ संवाद और उनसे सवाल पूछने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा, विजेताओं को पीएम के साथ उनकी ऑटोग्राफ वाली तस्वीर की डिजिटल स्मारिका भी दी जाएगी।
जिले के समस्त माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा छह से 12 तक के करीब डेढ़ लाख विद्यार्थियों को जोड़ने की तैयारी है। अब तक 30 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं ऑनलाइन पंजीयन करा चुके हैं।- मनोज कुमार मिश्रा, डीआईओएस आजमगढ़।