उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने प्री बोर्ड और गृह परीक्षा आयोजित कराने की समय सीमा निर्धारित कर दी है। फरवरी के अंतिम सप्ताह में ही प्री बोर्ड की परीक्षा करा लेनी है। इसके अलावा कक्षा 9 और 11 की वार्षिक गृह परीक्षाएं भी संपन्न कराई जानी है। इसके लिए डीआईओएस ने समस्त विद्यालयों को निर्देश दिए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. वीके शर्मा ने बताया कि प्री बोर्ड और गृह परीक्षा कराने के लिए परिषद ने एकेडमिक कैलेंडर में तारीख निर्धारित की थी लेकिन कोविड महामारी के कारण यह कैलेंडर के मुताबिक आयोजित नहीं कराई जा सकी। कोविड संक्रमण घटने पर अब यह परीक्षाएं आयोजित कराने के संबंध में माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने 18 फरवरी को पत्र जारी किया है। इसके अनुपालन में बोर्ड सचिव ने प्री-बोर्ड की लिखित व प्रायोगिक परीक्षा फरवरी के अंतिम सप्ताह तक करा लेने के निर्देश दिए हैं। इसी तरह कक्षा नौ एवं ग्यारह की वार्षिक परीक्षा प्रत्येक दशा में मार्च के द्वितीय सप्ताह तक कराई जानी है। गांधी इंटर कालेज मालटारी के प्रधानाचार्य डॉ. वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्री बोर्ड की परीक्षा सोमवार से शुरू हो जाएगी। वहीं डीआईओएस ने बताया कि प्री बोर्ड के परीक्षार्थियों के प्राप्तांक को मार्च के द्वितीय सप्ताह में और कक्षा नौ व ग्यारह की गृह परीक्षाओं के प्राप्तांक को मार्च के तृतीय सप्ताह में बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कराया जाना है। इसके लिए निर्धारित समय पर परीक्षा संपन्न कराकर बोर्ड को संपूर्ण विवरण अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना होगा।