सगड़ी। विकासखंड अजमतगढ़ के ग्राम पंचायत महुलिया के प्रधान एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष दीपक यादव ने फेसबुक, व्हाट्सएप व एक्स पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी। जानकारी होते ही सगड़ी एसडीएम व बिलरियागंज थानाध्यक्ष समेत अन्य अधिकारी पहुंचे। उचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए प्रधान को शांत कराया।
प्रधान दीपक यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि विकास खंड अजमतगढ़ के बीडीओ, एपीओ, जेई अकाउंटेंट द्वारा आर्थिक और मानसिक शोषण किया जा रहा है। इससे मैं परेशान हो चुका हूं। इससे दुखी होकर मैं जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आत्मदाह करूंगा। अब मेरे सामने कोई विकल्प नहीं बचा है। इसकी जानकारी होते ही हड़कंप मच गया। बिलरियागंज थाने के एसओ विनय कुमार सिंह रविवार की शाम पुलिस बल के साथ महुलिया पहुंचे। प्रधान दीपक यादव बोझिया गांव के पास आरसीसी रोड की ढलाई करा रहे थे। पुलिस दीपक को लेकर एसडीएम सगड़ी नरेंद्र कुमार गंगवार के पास पहुंची। वहां एसडीएम ने दीपक को समझाया। इसके बाद ग्राम प्रधान दीपक यादव शांत हुए।
दीपक यादव ने कहा अपने समस्या से उच्च अधिकारियों को अवगत कराएंगे और आत्मदाह नहीं करेंगे। इसके बाद एसडीएम सगड़ी नरेंद्र कुमार गंगवार ने ग्राम प्रधान दीपक यादव को मिठाई भी खिलाई और समझाया कि ऐसा नहीं करना चाहिए।