फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बढ़ाई जाएगी आलू और प्याज की आवक...पांच दिन बाद नींद से जागा उद्यान विभाग

विज्ञापन
विज्ञापन
आजमगढ़। आलू और प्याज के रेट को लेकर प्रदेश में हाहाकार मचा है। पांच दिन पहले सीएम के स्टाल लगाकर आलू और प्याज लोगों को उपलब्ध कराने के आदेश के बाद भी अब तक जनपद में कोई व्यवस्था नहीं हो पाई है। स्थिति ये है कि आलू और प्याज के साथ ही टमाटर के रेट में थोक और फुटकर में सीधे दूने का अंतर हो गया है। पांच दिन बाद उद्यान विभाग की नींद खुली है और वो दो से तीन दिन में आवक बढ़ाने के साथ ही कोटे या एजेंसी के स्टाल के माध्यम से राहत देने की बात कह रहा है। कमिश्नर ने भी व्यवस्था कराने की बात कही है।
विज्ञापन

बीते सप्ताह भर से आलू और प्याज के आसमान छूते दामों ने लोगों को मुश्किल में डाल दिया है। इनके दाम तो आसमान छू ही रहे हैं साथ ही मंडी और फुटकर के रेट में लगभग दूने का अंतर हो गया है। मंडी में आलू का रेट 3000-3200 रुपये प्रति क्विंटल है। वहीं, फुटकर में 45 से 50 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। प्याज की हालत ये है कि मंडी में प्रति क्विंटल प्याज 3800 से 4000 है, वहीं खुले मार्केट में ये 80 रुपये किलो तक पहुंच गया है। टमाटर भी मंडी से 3000 रुपये प्रति क्विंटल निकल रहा है तो खुले मार्केट में ये 50 रुपये किलो बेचा जा रहा है। खुले मार्केट में दामों को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन की ओर से कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है।
खुली नींद अब बढ़ाएंगे आवक
आलू-प्याज की बढ़ती कीमतों और इसे लेकर शासन के आदेशों पर अब तक कोई कार्रवाई न होने के सवाल पर उप निदेशक उद्यान मनोहर सिंह ने कहा कि शासन के आदेश मिले हैं। आदेश के क्रम में मंडी में दोनों की आवक बढ़ाने के लिए प्रयास किया जाएगा। मंडी में प्याज की आवक नासिक से होती है। आवक काफी कम होने से दाम चढ़े हुए हैं। इसे बढ़ाया जाएगा। बाजार में लोकल आलू नहीं है। आगरा, फारुर्खाबाद के साथ ही पश्चिम बंगाल से भी आलू की आवक के लिए प्रयास किया जा रहा है। इसका वितरण कोटे या किसी एजेंसी के स्टाल के माध्यम से कराने के लिए योजना बनाई जा रही है। दो से तीन दिन में समस्या का समाधान करा लिया जाएगा।
विज्ञापन

जमाखोरी रोकने के लिए होगी चेकिंग
उद्यान विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक दिनेश सिंह ने बताया कि शासन ने जमाखोरी रोकने के लिए भी निर्देश दिए हैं। इसके लिए भी व्यवस्था की जा रही है। कोल्ड स्टोरेज से पूरा आलू निकालने के लिए कहा गया है। यहां भी चेकिंग की जाएगी। प्रयास किया जा रहा है कि जल्द इसकी व्यवस्था की जाएगी।
दाम नियंत्रित करने के लिए हो रही निगरानी
आजमगढ़। सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। आलू, प्याज और टमाटर से लेकर लगभग सभी सब्जियों की खुदरा कीमत काफी बढ़ गई है। कीमतों में आए उछाल की वजह मंडियों में आवक कम होना बताया जा रहा है। राज्य सरकार भी इस पर नियंत्रण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। लखनऊ में कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। कृषि उत्पादन आयुक्त आलोक सिन्हा द्वारा उद्यान विभाग को लिखे पत्र में टमाटर, आलू व प्याज की कीमतों में वृद्धि की निगरानी करने को कहा है। थोक और फुटकर भाव में अंतर की नियमित समीक्षा का निर्देश देते हुए कहा गया कि अन्य प्रदेशों से आवक में कमी आने से आलू व प्याज के दाम बढ़े हैं। स्थानीय फसल तैयार होने में करीब दो माह लगेगा। इसी कारण अन्य राज्यों से आलू व प्याज की आपूर्ति पर निर्भर रहना होगा। मांग और आपूर्ति में संतुलन बनाने के लिए स्थानीय आढ़तियों व एफपीओ का सहयोग लेकर बाजार को संतुलित किया जा सकता है। इस संबंध में उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय, लखनऊ में कंट्रोल रूम 0522-4316367 स्थापित किया गया है। इस नंबर पर किसी भी प्रकार की सूचना देने या प्राप्त करने के लिए संपर्क किया जा सकता है।
आलू-प्याज की बढ़ती कीमतों को लेकर व्यवस्था की जा रही है। एक या दो दिन में नियंत्रित रेट पर आल और प्याज उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्थी कराई जाएगी। - वीवी पंत, कमिश्नर
आलू की कीमतों पर नियंत्रण के लिए एसडीएम की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया गया है। टीम जमाखोरी आदि पर नजर रखेगी। स्टाल के लिए उद्यान विभाग से बातचीत कर व्यवस्था की जा रही है। - आनंद कुमार शुक्ला, प्रभारी जिलाधिकारी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें