आजमगढ़। साइबर सेल और कोतवाली की टीम ने एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के माध्यम से फोटो का दुरुपयोग कर अश्लील/आपत्तिजनक वीडियो बनाने और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
एसपी यातायात विवेक त्रिपाठी ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र की महिला ने जनशिकायत प्रकोष्ठ के माध्यम से प्रार्थना पत्र दिया था कि अज्ञात व्यक्ति ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर फोटो का एआई तकनीक से अश्लील वीडियो तैयार किया है। सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी दे रहा है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक यातायात/ नोडल अधिकारी साइबर सेल ने जांच के निर्देश दिया। साइबर सेल ने त्वरित तकनीकी जांच करते हुए फर्जी आईडी के संचालक की पहचान की और पूरे मामले का खुलासा किया।
इसके बाद एसपी आजमगढ़ के निर्देशन में साइबर सेल व शहर कोतवाली की संयुक्त टीम ने जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के गरेडुआ गांव निवासी आरोपी सत्यम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ट्रैफिक एवं साइबर के नोडल अधिकारी विवेक त्रिपाठी ने कहा कि सोशल मीडिया का सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग करें। किसी भी प्रकार की साइबर अपराध से संबंधित घटना होने पर तत्काल साइबर सेल, नजदीकी थाना या साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें। संवाद