आजमगढ़। जिले के कई आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की प्रगति रिपोर्ट खराब मिलने पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन आर वर्मा ने नाराजगी जताई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तर प्रदेश द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 की चतुर्थ त्रैमासिक समीक्षा में यह स्थिति सामने आई है।
सीएमओ ने बताया कि राज्य स्तर से मिली रिपोर्ट में तरवां, पवई, हरैया, अतरौलिया, तहबरपुर, मोहम्मदपुर, मेहनगर और बिलरियागंज ब्लॉकों के अंतर्गत संचालित कई आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में दैनिक ओपीडी रिपोर्टिंग, वेलनेस गतिविधियों एवं टेली कंसल्टेशन सेवाओं में कमियां पाई गई हैं।
रिपोर्ट के अनुसार तरवां ब्लॉक के टिकहरा एवं बीबीपुर, पवई ब्लॉक के मिट्ठूपुर एवं नरवारी, हरैया ब्लॉक के चांदपट्टी एवं देवरा करीयात, तहबरपुर ब्लॉक के भोर्रा मकबूलपुर, मोहम्मदपुर ब्लॉक के गंभीरपुर एवं मोहम्मदपुर-नगवां तथा बिलरियागंज ब्लॉक के मोहिउद्दीनपुर आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का प्रदर्शन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया।
कई केंद्रों पर वेलनेस गतिविधियों का स्कोर शून्य रहा, जबकि कुछ स्थानों पर टेली कंसल्टेशन सेवाएं अत्यंत कम दर्ज की गईं। मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य नही किया जाना अत्यंत गंभीर विषय है। उन्होंने संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे तत्काल अपने अधीनस्थ आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की समीक्षा कर सुधार करें।
चेतावनी देते हुए कहा कि जिन इकाइयों की प्रगति लगातार खराब पाई जा रही है, यदि एक सप्ताह के भीतर अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।