जाम की सूचना पर पुलिस गोधौरा पहुंची और भीड़ को हटाने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने पथराव शुरू कर दिया। जिसमें एक इंस्पेक्टर समेत आधा दर्जन भर पुलिसकर्मी चोटिल हो गए। इसके बाद भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई और हल्का बल प्रयोग कर लोगों को खदेड़ना शुरू कर दिया।
वहीं, आरोप है कि पुलिस ने इस दौरान हवाई फायरिंग करने के साथ आंसू गैस के गोले छोड़े थे। इस मामले में पुलिस ने मौके से ही 18 लोगों को गिरफ्तार कर लिया था तो वहीं देर रात 18 नामजद समेत 200 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर लिया। मंगलवार की रात से ही पुलिस नामजद लोगों की तलाश में दबिश की कवायद में जुटी हुई है।
पुलिसिया कार्रवाई की शुरूआत होते ही गांव के पुरूष घर छोड़ कर फरार हो गए है। गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है तो वहीं भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।