पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने सरकारी कार्य और कर्तव्य पालन में लापरवाही के आरोप में थानाध्यक्ष तहबरपुर अनुराग कुमार को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही एसपी ने उनके खिलाफ विभागीय जांच का भी आदेश जारी कर दिया है। एक महिला के साथ छेड़खानी व मारपीट की शिकायत मिलने पर भी कार्रवाई न करने पर एसपी ने यह कार्रवाई की। एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि तहबरपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला के साथ 18 मार्च को छेड़खानी हुई थी और छेड़खानी करने वालों ने उसके साथ मारपीट भी की थी। इसकी सूचना थाने पर दी गई थी। आरोप है कि सूचना देने के बाद भी एसओ अनुराग कुमार ने न तो मुकदमा ही दर्ज किया न ही कोई और कार्रवाई की। इसकी शिकायत मिलने पर प्रकरण की जांच कराई गई। जांच में एसओ तहबरपुर द्वारा कार्य सरकार व कर्तव्य पालन में घोर लापरवाही, उदासीनता व स्वेच्छाचारिता बरतने की बात सामने आई। एसपी ने एसओ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया तो वहीं विभागीय जांच का भी आदेश जारी कर दिया है। एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।