विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद निर्वाचन आयोग ने कार्रवाई करनी शुरू कर दी है। शिकायतों पर अधिकारियों के स्थानांतरण किए जाने लगे हैं। शुक्रवार को निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रमुख सचिव ने जिले के पुलिस अधीक्षक कुंतल किशोर का स्थानांतरण कर दिया। स्थानांतरण के पीछे वजह विपक्षी दलों की ओर से की गई शिकायत बताई जा रही है।
जिले में बीते नौ महीने में तीन पुलिस अधीक्षक स्थानांतरित किए जा चुके हैं। मई 2016 में खुदादादपुर में हुई हिंसा की घटना को देखते हुए तत्कालीन पुलिस अधीक्षक दयानंद मिश्र का स्थानांतरण कर दिया गया था और तत्काल प्रभाव से अजय साहनी पुलिस अधीक्षक बनाए गए थे। साहनी चार माह ही कार्य कर पाए थे कि उनका भी स्थानांतरण कर दिया गया।
उन्होंने सख्ती के साथ कार्रवाई करते हुए निजामाबाद क्षेत्र के खुदादादपुर में हुई घटना पर काबू पा लिया था। उनका स्थानांतरण होने के बाद कुंतल किशोर पुलिस अधीक्षक बनाए गए। अभी वह जिले को समझा पाए थे कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उनका स्थानांतरण कर दिया गया। बताया जा रहा है कि विपक्षी दलों के कुछ नेताओं ने उनकी शिकायत की थी और निष्पक्ष चुनाव के लिए एसपी का स्थानांतरण करने का आग्रह किया था।