मार्टीनगंज। दीदारगंज थाना क्षेत्र के सुरहन गांव निवासी राकेश सिंह की हत्या में नामजद एक आरोपी के घर दीदारगंज पुलिस ने पहुंच कर तोड़फोड़ किया। हत्याकांड में नामजद की तलाश में पुलिस बरदह थाना क्षेत्र के बेलवाना गांव पहुंची थी। पुलिस की कार्रवाई के दौरान जब ग्रामीण मौके पर जुटने लगे तो पुलिस आनन-फानन में वहां से चली गई।
सुरहन गांव की प्रधान के भतीजे राकेश सिंह की हत्या कर फेंकी हुई लाश गांव के पास ही चार दिनों पूर्व मिली थी। इस हत्याकांड का शनिवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया और दो आरोपियों की गिरफ्तारी भी दिखाई। इसके साथ ही तीन का नाम भी प्रकाश में आया। तीन अन्य आरोपियों में शामिल अनंत राय पुत्र प्रभाष राय निवासी बेलवाना थाना बरदह के घर पर रविवार को दिन में एसओ दीदारगंज मय दल बल के साथ पहुंचे। घर पर पहुंचते ही पुलिस ने बिना किसी पूछताछ के मकान का दरवाजा, खिड़कियां तोड़ना शुरू कर दिया। यह देख कर जब ग्रामीण मौके पर जुटने लगे तो पुलिस कर्मी धमकी व गलियां देते हुए आनन-फानन में चले गए। अनंत की पत्नी, बहन व पिता को दीदारगंज थाना पुलिस दो दिनों से बैठाए हुए थी। पत्नी व बहन को तो छोड़ दिया गया है, लेकिन पिता अभी भी पुलिस की कस्टडी में ही है। पुलिस की इस कार्रवाई से ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला है।