फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Azamgarh News: छेड़खानी के आरोपी की मौत मामले में थानाध्यक्ष समेत तीन पर FIR, पुलिस हिरासत में गई थी जान

Tue, 01 Apr 2025 01:50 PM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, आजमगढ़।

सार

Azamgarh News: आजमगढ़ जिले में छेड़खानी के आरोप में हिरासत में लिए गए युवक की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है। युवक की मां की तहरीर पर थानाध्यक्ष समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 
विज्ञापन
तरवां थाना क्षेत्र का मामला - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आजमगढ़ जिले के तरवां थाना क्षेत्र में एक युवक की पुलिस अभिरक्षा में संदिग्ध मौत के बाद उसकी मां की तहरीर पर थानाध्यक्ष सहित तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने थाने पर तोड़फोड़ और पथराव भी किया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जांच शुरु हो गई है। 

विज्ञापन


ये है पूरा मामला
तरवां थाना क्षेत्र के उमरी गांव निवासी कुसुम देवी ने थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई। आरोप लगाया कि 29 मार्च 2025 को सुबह करीब 7 बजे थानाध्यक्ष कमलेश कुमार पटेल अपने कुछ पुलिसकर्मियों के साथ उनके घर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने जातिसूचक गालियां दीं और उनके बेटे सन्नी कुमार से पूछताछ शुरू कर दी। जब परिवार ने इसका कारण पूछा तो थानाध्यक्ष ने सन्नी को पकड़ लिया और पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर उसकी पिटाई की। इसके बाद उसे जीप में डालकर थाने ले गए।

शाम तक छोड़ने का दिया आश्वासन, सुबह मौत की सूचना मिली
कुसुम देवी के अनुसार, जब वह परिवार और गांव के कुछ लोगों के साथ थाने पहुंची तो थानाध्यक्ष ने उन्हें आश्वासन दिया कि सन्नी को शाम तक छोड़ दिया जाएगा। हालांकि, रात 11 बजे तक उसे रिहा नहीं किया गया। अगली सुबह गांव वालों से सूचना मिली कि थाने में सन्नी के साथ कुछ अनहोनी हो गई है। थाने पहुंचने पर पता चला कि सन्नी की मौत हो चुकी है और उसका शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

पुलिस के मुताबिक- शौचालय में की आत्महत्या

उधर, पुलिस का दावा है कि सन्नी ने थाने के शौचालय में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने पर जमकर हंगामा किया। भीड़ ने तोड़फोड़ और पथराव किया, जिसके बाद पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कुसुम देवी ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। 

शिकायत के आधार पर थानाध्यक्ष कमलेश कुमार पटेल और दो अन्य अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें