आजमगढ़ जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में गोवध की घटना में वांछित एक शातिर आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई।
क्या है पूरा मामला
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत शुक्रवार की रात बिलरियागंज थाना पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गोवध मामले में वांछित आरोपी तबरेज जलालुद्दीन पट्टी मार्ग से छिछोरी की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की।
जैसे ही पुलिस ने संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया, उसने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश की। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद फायरिंग जारी रहने पर जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।