आजमगढ़ जिले के कंधरापुर थाना क्षेत्र में धर्म परिवर्तन का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को धार्मिक पुस्तकों और पंपलेट के साथ गिरफ्तार किया है।
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में बीते दिनों में धर्म परिवर्तन के कई मामले सामने आए हैं। पिछले रविवार को बवाली मोड़ के समीप से पुलिस ने धर्मांतरण के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया था। वहीं एक बार फिर रविवार को कंधरापुर थाना क्षेत्र के कुंआ गांव से एक व्यक्ति को धार्मिक पुस्तकों और पंपलेट के साथ गिरफ्तार किया गया।
विज्ञापन
गांव स्थित एक घर में रविवार को धर्म परिवर्तन की सूचना के बाद पहुंचे हिंदू जागरण मंच के लोगों ने इसका विरोध किया। इस दौरान उनके ऊपर हमला किया गया। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने एक युवक गिरफ्तार किया। मौके से भारी मात्रा में धार्मिक पुस्तकें और पंपलेट बरामद किया।
इस संबंध में एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि धर्मांतरण होने की सूचना पर पुलिस ने मौके से मोहरिल नामक एक व्यक्ति गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध यूपी विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही यह भी पता करने की कोशिश की जा रही है कि इन लोगों ने अब तक कितने लोगों धर्म परिवर्तन कराया है।