रानी की सराय थाना के कोटिला हाईवे पर बृहस्पतिवार को कुछ युवक बाइक से स्टंटबाजी कर रहे थे। इस बीच उधर से गुजर रहा पिकअप चालक उनका वीडियो बनाने लगा। जहां दोनों युवकों की बाइक आपस में आमने-सामने से टकरा गई। इसके बाद नाराज युवकों ने पिकअप चालक की जमकर पिटाई कर दी और उसका मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए।
विनोद कुमार पुत्र सिंह बहादुर यादव, मडियाहूं, जौनपुर जिले का निवासी है। बृहस्पतिवार को वह आजमगढ़ टमाटर लेकर आया था। वह वापस जा रहा था। वह रानी की सराय में आजमगढ-जौनपुर फोर लेन हाईवे पर कोटिला के पास पहुंचा था कि वहां पहले से मौजूद कुछ युवक बाइक से स्टंटबाजी कर रहे थे।
जिन्हें देख पिकअप चालक रुक गया और उनका वीडियो बनाने लगा। चालक को वीडियो बनाता देख स्टंटबाजी कर रहे युवकों की बाइक आमने-सामने टकरा गई। इससे नाराज युवकों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। मौके पर पहुंची थाने की पुलिस पिकअप चालक को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। उपचार के बाद थाने ले जाकर पूछताछ कर युवकों का हुलिया आदि पता कर उनकी तलाश में जुट गई है।