गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बिंद्राबाजार-मेहनगर मार्ग पर मंगरावां रायपुर गांव के पास शनिवार की रात करीब आठ बजे बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने पिकअप चालक से मारपीट कर 20 हजार रुपये और मोबाइल फोन छीन लिया। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
मेहनगर थाना क्षेत्र के दरगाह मेहनगर गांव निवासी सलीम ने बताया कि वह मैजिक वाहन लेकर मोहम्मदपुर गया था। वहां से वापस मेहनगर लौट रहा था। मंगरावां रायपुर स्थित पवन फिलिंग स्टेशन के पास पेट्रोल भरवाने के लिए जैसे ही उसने वाहन मोड़ा, पीछे से बाइक पर सवार होकर पहुंचे तीन युवकों ने उसे रोक लिया।
इंडिकेटर नहीं देने की बात कहते हुए तीनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इससे उसके कपड़े भी फट गए। आरोप है कि बदमाश उसकी जेब से मोबाइल फोन और वाहन में रखे 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गए।
पीड़ित ने घटना की सूचना डायल 112 पर दी। जानकारी मिलते ही गंभीरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। पीड़ित के मुताबिक बाइक पर तीन लोग सवार थे और उन्हें देखकर ऐसा लग रहा था कि वे नशे में थे। इस संबंध में थानाध्यक्ष अमित कुमार तिरुपति ने बताया कि मामला मारपीट का है। जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।