आजमगढ़। डीएम राजेश कुमार की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार की देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में मनरेगा के तहत कराए जा रहे कार्यों के भौतिक प्रगति, पौधरोपण आदि की समीक्षा की गई। समीक्षा में विकास खंड मेंहनगर, सठियांव, मार्टीनगंज, हरैया व अजमतगढ़ की खराब प्रगति मिलने पर डीएम संबंधित खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिये कि कार्यों को समय से पूरा करें और अगली समीक्षा में खराब प्रगति की सूची में यह विकास खंड शामिल नहीं होने चाहिए।
डीएम ने समस्त खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन विकास खंडों में मनरेगा श्रमिकों के मस्टररोल का भुगतान नहीं हुआ है, उनका तत्काल भुगतान करें। यदि कहीं पर मजदूरी का भुगतान खाते में त्रुटि होने के कारण नहीं हो पाया है तो उस खाते को ठीक कराते हुए एक सप्ताह के अंदर भुगतान कराएं। मनरेगा के कार्यों को प्रतिदिन कराएं और अपनी क्षमता को बढ़ाकर कार्य करें। तालाबों की खुदाई का कार्य प्राथमिकता के आधार पर करें। वृक्षारोपण के संबंध में निर्देश दिए कि 10 जून तक माइक्रो प्लान बनाकर उपलब्ध कराएं। जिस नर्सरी से पौधरोपण करने के लिए पौधा प्राप्त करना है, उस नर्सरी पर विजिट कर लें और यह भी सुनिश्चित कर लें कि वहां से कितने पौधे प्राप्त होंगे और किस-किस प्रजाति के होंगे। मनरेगा के तहत लेबरों को इंगेज करें और कार्य ढूंढकर उनसे कार्य कराएं। डीएम ने मोबाइल मानीटरिंग सिस्टम मस्टररोल ट्रैकिंग रजिस्टर, वर्क स्टाक रजिस्टर आदि की समीक्षा की। उन्होंने समस्त खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन-जिन विकास खंडों में वर्क स्टाक रजिस्टर नहीं बना है, वहां पर जल्द से जल्द वर्क स्टाक रजिस्टर बनाएं। मनरेगा के अलावा श्रम विभाग में पंजीकृत ऐसे श्रमिक जिनका नवीनीकरण किया जाना है, ऐसे मजदूरों का नवीनीकरण प्राथमिकता के आधार पर कराएं और नये मजदूर को श्रम विभाग में पंजीकृत कराएं। इस मौके पर सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला, पीडी अभिमन्यु सिंह, डीडीओ रवि शंकर राय, डीसी मनरेगा बीबी सिंह, डीसी एनआरलएम बीके मोहन, बीएसए अमरनाथ राय, डीआईओएस डा. वीके शर्मा, डीडी कृषि डा. आरके मौर्य आदि रहे।