सोशल मीडिया पर बूथ के अंदर की फोटो शेयर करने पर शहर कोतवाली में दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसमें से एक को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया। निर्वाचन आयोग ने सोशल मीडिया पर बूथ के अंदर की फोटो शेयर करने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया था। इसे लिए मतदान केंद्र के अंदर ही मोबाइल ले जाने पर रोक थी। इसके बाद भी दो युवाओं ने ऐसा किया और पुलिस मुकदमा पंजीकृत कर एक को गिरफ्तार भी कर लिया।
पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने बूथ के अंदर की फोटो खींचने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा रखा है। इसके बाद भी बूथ पर कुछ लोगों ने मोबाइल ले जाकर फोटो खींचा और उसे सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया। ऐसा करने वाले दो युवकों के खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। इनमें प्रशांत यादव निवासी तमौली व रवि उर्फ अनुज वर्मा निवासी पुरानी कोतवाली शामिल हैं। इनके द्वारा बूथ के अंदर की फोटो व वीडियो बना कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। एसपी ने बताया कि दोनों पर धारा 128 लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम एवं 66 डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। शहर कोतवाली पुलिस ने प्रशांत यादव को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं रवि उर्फ अनुज वर्मा की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।