दस सूत्री मांगों को लेकर 15 सितंबर से बेमियादी अनशन पर बैठी कुमारी रंभा की हालत सोमवार की रात खराब हो गई। हालत गंभीर होने पर पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। रंभा को अनशन स्थल से पुलिस द्वारा उठाए जाने से नाराज फूलन सेना ने मंगलवार को मेहता पार्क में पुलिस प्रशासन का पुतला फूंका।
पुतला दहन के बाद अपने संबोधन में श्याम बरन निषाद ने कहा कि बगैर 10 सूत्रीय मांगों का निस्तारण किए पुलिस ने सोमवार की रात को धरना स्थल पर सो रहे लोगों को हटाया। इस दौरान पुलिस ने रंभा के टूटे हाथ को दोबारा मरोड़ दिया और जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। उन्होंने कहा कि रंभा का बेमियादी अनशन जिला अस्पताल में और फूलन सेना का धरना मेहता पार्क में चलता रहेगा।
फूलन सेना के संत कबीर नगर प्रभारी वेद प्रकाश ने कहा कि पुलिस प्रशासन की दमनकारी नीति और सरकार के आंदोलन कुचलने के प्रयास का फूलन सेना मुंहतोड़ जवाब देगी।
इस मौके पर दयाराम, सीताराम, रामरूप निषाद, दशरथ निषाद, राजमणि निषाद, रामदुलार, रवि यादव, ईश्वरदेव निषाद, रामशबद निषाद आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता रमेश निषाद और संचालन घनश्याम निषाद ने किया।